जिले में जारी भीषण बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सपा विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान के नेतृत्व में शनिवार को बड़ी संख्या में सपा नेता पीवीवीएनएल के मुख्यालय ऊर्जा भवन पहुंचे। घंटों इंतजार कराने के बाद भी जब एमडी अपने कक्ष में नहीं पहुंचे तो आक्रोशित सपाइयों ने सीधे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) रूम में पहुंचकर एमडी से मुलाकात की और क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था की कड़ी शिकायत की।
सीमा प्रधान ने एमडी रवीश गुप्ता को सौंपे ज्ञापन में कहा कि सरधना, फलावदा, दौराला, लावड़ आदि कस्बों और देहात के अनेक गांवों में अत्यधिक विद्युत कटौती व लो-वोल्टेज से हाहाकार मचा है। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर फुंक रहे हैं जिससे घंटों आपूर्ति ठप रहती है।
उन्होंने कहा कि इस समय फसलों की सिंचाई पूरी तरह बिजली पर निर्भर है। कम वोल्टेज और अघोषित कटों के कारण किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं जिससे फसलें खराब होने का खतरा पैदा हो गया है।
कहा कि अघोषित कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार बाधित बिजली के कारण छोटे व्यापारियों का कारोबार ठप है, वहीं परीक्षाओं और भीषण गर्मी के बीच विद्यार्थियों का दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। टोल-फ्री नंबर या स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अधिकारी समय से समाधान नहीं कर रहे हैं, जिससे जनता में भारी रोष व्याप्त है।
एमडी रवीश गुप्ता ने ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों व लो-वोल्टेज की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द दूर करने का ठोस आश्वासन दिया। ऊर्जा भवन में प्रदर्शन और वार्ता के दौरान सीमा प्रधान के साथ मुख्य रूप से डॉ. विजय राठी, ईशा चेयरमैन, शकील चेयरमैन, शाहवेज, मोहित तोमर, उपेंद्र प्रधान भराला, अशरफ राणा, सलीम अंसारी और ललित सरधना सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।