योगी के एक मंत्री ने सपा की पोल खोलते हुए कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार को राशन कार्ड और राशन उपलब्ध कराया जाए। पिछली सरकार में 70 प्रतिशत फर्जी राशन कार्ड बनाकर गरीबों के राशन की जमकर कालाबाजारी की गई। कहा- अब कोई भ्रष्ट अधिकारी यूपी में नहीं रहेगा।
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार को राशन कार्ड और राशन उपलब्ध कराया जाए। पिछली सरकार में 70 प्रतिशत फर्जी राशन कार्ड बनाकर गरीबों के राशन की जमकर कालाबाजारी की गई। फर्जी राशन कार्डों को निरस्त करा दिया गया है। अगर अब राशन की कालाबाजारी की शिकायत आई तो अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई तय की जाएगी। अब प्रदेश का कोई गरीब सरकारी राशन से वंचित नहीं रहेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह छोटे व्यापारियों को छापेमारी के नाम पर परेशान न करें। नकली सामान बनाने वाली बड़ी फैक्ट्रियों पर छापेमारी करें।
शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि अब कोई भ्रष्ट अधिकारी यूपी में नहीं रहेगा। अधिकारियों को केवल तनख्वाह से गुजारा करना होगा। अगले छह माह में संबंधित विभाग के अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि माह में कम से कम चार बार छापेमारी होनी चाहिए। कोई भी नकली खाद्य सामग्री नहीं बिकनी चाहिए। उप्र में साढ़े चार लाख राशन कार्ड फर्जी पकड़े गए हैं। जिनके नाम पर फर्जी तरीके से राशन की कालाबाजारी हो रही थी। 250 से अधिक दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज की गई हैं। राशन की कालाबाजारी से जुड़े 70 लोग सलाखों के पीछे भेजे गए हैं। मेरठ में भी 58 हजार अपात्र परिवारों के राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं।