संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के कुंडा गांव निवासी सपा नेता प्रदीप कसाना और जाहिद त्यागी के नेतृत्व में शनिवार को सपा कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कमिश्नरी से नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने की तैयारी में थे। इसकी सूचना मिलते ही परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और सपा नेता प्रदीप कसाना को उनके घर पर नजरबंद कर दिया।
सपा कार्यकर्ताओं के डीएम कार्यालय पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन में हलचल मच गई। कुछ देर बाद सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश सिंह और एसीएम राजकुमार कुंडा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने सपा नेताओं से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन अधिकारियों को सौंप दिया।
इस मौके पर ईशु पूठा, हर्षवर्धन त्यागी, आशीष छुछाई, रजत टोंक, राजू पाल, दीपक ढिलोर, रोबिन मावी, दीपक पूठा, रितिक कुंडा आदि मौजूद रहे।