- एक अधिकारी पर लगाया आरोप, रात में भी धरने पर बैठे कार्यकर्ता
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ऋृषिपाल सिंह की फर्जी नियुक्ति होने के विरोध में सोमवार को सपा नेता एवं अधिवक्ता सूर्य प्रकाश (शेरा जाट) ने अपने साथियों के साथ आमरण-अनशन शुरू कर दिया है। देर रात तक मेडा में आमरण-अनशन पर बैठे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने धरना समाप्त करने की बात कही। आरोप है कि मेडा के एक अधिकारी ने सेटिंग करके कर्मचारी की नियुक्ति कराई है।
सपा नेता सूर्य प्रकाश ने बताया कि ऋृषिपाल आठवीं पास है और उसने अपने दस्तावेज में दसवीं पास के दस्तावेज लगाकर मेडा में नौकरी पाई। मेडा के उपाध्यक्ष और सचिव से कई बार शिकायत की, लेकिन नतीजा शून्य रहा। कर्मचारी पर कार्रवाई कराने की मांग लेकर अपने साथियों के साथ मेडा कार्यालय में आमरण-अनशन शुरू किया है। मांग है कि मेडा अधिकारी उक्त कर्मचारी को हटाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। दिनभर सपा नेता अपने साथियों के साथ मेडा कार्यालय में आमरण-अनशन पर बैठे रहे और अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की है। सोमवार देर रात करीब 10 बजे पुलिस आमरण-अनशन पर बैठे लोगों से मिले। सिविल लाइन थाना पुलिस ने उनको आमरण-अनशन खत्म करने की बात कही। सपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा आमरण-अनशन पर बैठे लोगों को धमकाया जा रहा है। सपा नेता सूर्य प्रकाश के साथ धरने पर बैठे अवनीश पंवार, विशेष सिरोही, शुभम गुर्जर, मयंक राठी, विक्रांत गुर्जर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-