खरखौदा क्षेत्र के गांव कॉल निवासी सपा अधिवक्ता सभा के जिला अध्यक्ष पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए
पुलिस पर आधी रात घर पहुंचकर जंतर मंतर पर जाने से रोकने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी,
खरखौदा। समाजवादी अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता नेत्रपाल सिंह कोल को पुलिस ने बुधवार रात उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। उनका कहना है कि वह 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे लेकिन पुलिस ने आधी रात घर पर पहुंचकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सवाल उठाए।
नेत्रपाल सिंह कोल के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया। उनका आरोप है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए उन्हें घर में ही नजरबंद किया गया।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और सभा में शामिल होने का अधिकार संविधान के तहत नागरिकों को प्राप्त है। ऐसे में शांतिपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे नागरिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाने के लिए ऐसा किया गया था।