- आठ साल के श्रेयांश ने भी अर्धशतकीय पारी खेली
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे छठे विपिन सिरोही मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी लायंस और जीटीबी रॉयल टीम के बीच मैच हुआ। इसमें जीटीबी रॉयल ने सार्थक की 90 रन की शानदार पारी के चलते पांच विकेट से जीत प्राप्त की।
गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी लायंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। इसमें आठ साल के श्रेयांश ने बल्लेबाजी से सभी को आकर्षित किया। उन्होंने 40 गेंद में पांच चौकों की मदद से 68 रन की पारी खेली। सार्थक ने 40, अक्ष ने 41 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में विवेक ने तीन, ऋषभ ने दो, जैद ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीटीबी रॉयल की टीम ने 17.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए और पांच विकेट से मैच जीता। टीम की ओर से 11 वर्ष के सार्थक ने 90 रन की शानदार पारी खेली। जैद ने 40, अयान ने 35 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रत्यक्ष ने दो और युग ने दो विकेट लिए। मैच का मैन ऑफ द मैच श्रेयांश को चुना गया। सार्थक को भी प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे से एक मैच खेला जाएगा।