सरूरपुर। गांव पांचली बुजुर्ग में हुई नेत्रपाल हत्या के मामले में उसके बेटे सचिन को समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी मिल रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन पुलिस अब पीड़ित से गवाह मांग रही है।
गोशाला में 6 अप्रैल, 2022 को चौकीदार नेत्रपाल पुत्र धूम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका साथी घायल हो गया था। हर्रा चौकी पहुंचे उसके बेटे सचिन ने बताया कि पांच दिन पहले उसके पिता की हत्या में नामजद आरोपियों ने उसे समझौता करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने उसकी तहरीर पर आरोपियों मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि पुलिस उस पर धमकी के मामले में गवाह मांग रही है। जबकि पीड़ित जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाकर बार-बार पुलिस के चक्कर लगा रहा है। पीड़ित परिवार ने सोमवार को आला अधिकारियों से पुलिस की शिकायत करने की बात कही है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित को चौकी पर बुलाया गया है। जांच के बाद निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।