मोदीपुरम। कंकरखेडा थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा का इंतजार कर रही महिला से बाइक सवार तीन बदमाशों ने पर्स छीनने का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को बाइक से नीचे गिरा लिया। इस पर वह बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया है।
सिपाही राजबल सिंह की पत्नी संजीता बालियान सरधना रोड स्थित तुलसी कॉलोनी में अपनी बुआ के साथ रिश्तेदार के यहां शादी में आई थीं। बुधवार शाम चार बजे वह कॉलोनी के गेट पर पुलिस लाइन कॉलोनी स्थित घर जाने के लिए ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश आए। उन्होंने संजीता के पर्स पर झपट्टा मारा, लेकिन संजीता ने पर्स अपनी ओर खींचकर एक बदमाश को बाइक से नीचे गिरा लिया। शोर मचाने पर तीनों बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने लुटेरों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली। संजीता के पति शामली में बतौर हेड कांस्टेबल के तैनात हैं। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।