मेरठ। नए सत्र से स्कूल ऑनलाइन, ऑफलाइन दोनों तरह से चलेंगे। अगर कोरोना संक्रमण खत्म होता है और सब सामान्य हो जाता है तो पहले की तरह कक्षाएं नियमित चालू हो जाएंगी, लेकिन अहतियात के लिए सुरक्षा नियमों का पालन भी होगा। साथ ही कुछ स्कूल ऑनलाइन स्टडी मोड को भी जारी रखने की योजना बना रहे हैं। उनके अनुसार ऑनलाइन शिक्षा वो माध्यम है जिसमें छात्र और शिक्षक दोनों को लाभ है। छात्र कक्षा में न आ सके तो घर बैठे पढ़ लें। कहीं बाहर है तो वहां भी पढ़ाई कर सकता है।
सीजेडीएवी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अल्पना शर्मा कहती हैं इस समय ऑनलाइन, ऑफलाइन दोनों तरह से कक्षाएं हो रही हैं। पेपर भी हो रहे हैं। पढ़ाई का एक अच्छा माध्यम ऑनलाइन स्टडी भी है, इसलिए इसे आगामी सत्र में जारी रखेंगे। द अध्ययन स्कूल के संचालक प्रियांशु अग्रवाल का कहना है कि लगातार संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में यह कहना मुश्किल होगा कि पूरी तरह स्कूल खोल दिए जाएं। कोरोना ने ऑनलाइन पढ़ाई की नई सीख दी है। इसलिए आने वाले समय में दोनों मोड में पढ़ाई जारी रखेंगे। सेंट जोंस स्कूल की प्रिंसिपल चंद्रलेखा जैन के अनुसार कोरोना ने छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई करना सिखाया है। कई बार छात्र बीमार हो या स्कूल आना संभव नहीं होता तो छुट्टी में उसकी पढ़ाई छूट जाती है, ऐसे में ऑनलाइन पढ़ाई अच्छा विकल्प है। आईआईएमटी स्कूल के प्रेस प्रवक्ता सुनील के अनुसार ऑनलाइन, ऑफलाइन दोनों तरह से पढ़ाई आने वाले सत्र में भी चालू रहेगी। इससे छात्रों, शिक्षकों दोनों को लाभ है।