सिपाही ने युवती से की दरिंदगी और फिर थाने में लगी आबरू की बोली
मेरठ। महिलाओं की सुरक्षा के दावों के बीच एक बार फिर पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। पुलिस ने प्रेमी के साथ एक युवती को होटल में पकड़ा। आरोप है कि युवक को कमरे के बाहर बैठा दिया गया और एक सिपाही ने युवती के साथ दरिंदगी की। सोमवार को नौचंदी थाने में आबरू की बोली लगाकर समझौता करा दिया गया।
यह घटना गढ़ रोड स्थित सोहराब डिपो के सामने एक होटल की है। बुलंदशहर के गुलावठी की रहने वाली युवती शनिवार देर रात प्रेमी के साथ होटल में रुकने आई थी। होटल मालिक के बेटे ने इस मामले की सूचना नौचंदी पुलिस को दे दी। थाने का एक सिपाही अपने दो दोस्तों के साथ वर्दी में होटल में पहुंचा। पुलिस के आने पर युवती डर गई और वह समाज में बदनामी होने का हवाला देकर गिड़गिड़ाने लगी। आरोप है कि सिपाही ने प्रेमी को कमरे से बाहर निकाल दिया और फिर युवती के साथ दरिंदगी की।
इस दरिंदगी में होटल मालिक का बेटा भी शामिल बताया गया। सिपाही ने प्रेमी युगल को धमकाया और फिर तलाशी लेने के बहाने 3000 रुपये भी छीन लिए। इसके बाद रात में प्रेमी युगल किसी तरह वहां से निकल गया। रविवार को युवती ने यह बात बुलंदशहर पुलिस को बता दी थी। पुलिस की दरिंदगी की पोल खुली तो यहां थाना पुलिस लीपापोती करने में जुट गई। सोमवार को दिन भर थाने की पुलिस पीड़ित युवती को मैनेज करने में जुटी रही। पुलिस महकमा घटना पर पर्दा डालने का प्रयास करता रहा। इस मामले में इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इंस्पेक्टर नौचंदी से जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी। महिला अपराध के प्रति पुलिस गंभीर है। इस घटना की जानकारी करके ही आगे की जांच होगी। - देवेश सिंह, सीओ सिविल लाइन