अवैध वसूली का आरोपी सिपाही निलंबित
मेरठ। टीपी नगर के किशनपुरा में महिला से अवैध वसूली के मामले में एसएसपी ने सिपाही ओमवीर को निलंबित कर दिया है। इस महिला ने सिपाही पर मोबाइल लूटने का भी आरोप लगाया था, बाद में यह मोबाइल वापस कर दिया गया था। यह सिपाही पुलिस लाइन में तैनात था।
टीपीनगर थाने पहुंचकर एक महिला ने सोमवार देर रात आरोप लगाया था सिपाही ओमवीर अवैध वसूली करने के लिए आया था। विरोध किया तो बेटे का 70 हजार रुपये की कीमत का मोबाइल लूटकर भाग गया। पुलिस ने सिपाही से मोबाइल वापस दिला दिया है, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि खुद को एक अधिकारी की टीम में बताकर सिपाही ने रौब गालिब भी किया था। एसएसपी प्रभाकर चौधरी तक मामला पहुंचा तो उन्होंने सिपाही की कुंडली निकलवाई। जांच में सामने आया कि सिपाही की मलियाना पुलिस चौकी से रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद हटा दिया गया था। परतापुर में एक होटल के विवाद में भी सिपाही लाइन हाजिर हुआ था। इस मामले में जांच के बाद अब सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।