थाने के बाहर दरोगा की गाड़ी से सांप को रेस्क्यू करते वन विभाग की टीम स्रोत विभाग
- वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू,
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। थाना परिसर के सामने शुक्रवार को दरोगा अर्जुन पवार की कार में एक सांप घुस गया। मौके पर पुलिसकर्मियों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। काफी प्रयास के बाद वन विभाग की टीम ने सांप सुरक्षित बाहर निकाला।
दरोगा ने बताया कि वह थाने में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बाहर मौजूद लोगों ने उनकी कार के इंजन में सांप घुसने की सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर पर सांप को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी नितिन त्यागी अपनी टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के दौरान सांप कार के इंजन के अंदरूनी हिस्सों में लगातार जगह बदलता रहा। कभी वह इंजन के नीचे तो कभी टायर के पास बने हिस्से में छिप जाता, जिससे उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।
करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेंजर खुशबू उपाध्याय ने बताया कि पकड़े गए सांप को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित पकड़ लिया गया। बाद में उसे आबादी से दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया।