मेरठ। दीपावली की छुट्टियों के बाद बुधवार को बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से बाहर निकले तो स्मॉग से परेशान हो गए। पटाखों के धुएं के कारण वायुमंडल में पीएम 2.5 का स्तर इतना बढ़ गया कि बच्चों की आंखों में जलन, नाक में खुजली होने लगी।
दो पहिया वाहनों से स्कूल जाने वाले कुछ बच्चों की आंखें स्कूल पहुंचते तक लाल हो गईं और आंसू निकलने लगे। कई बच्चों को सांस लेने में परेशानी हुई, गले में खराश की शिकायत भी आई। दमा और अस्थमा के शिकार बच्चों को सांस लेने में अचानक तकलीफ होने लगी तो उन्हें इन्हेलर लेना पड़ा। स्कूलों ने एक दिन पहले ही मैसेज के माध्यम से बच्चों को मास्क लगाकर आने की सलाह दी थी। इसके बावजूद कई बच्चे बिना मास्क के ही स्कूल पहुंचे। जो बच्चे मास्क लगाकर स्कूल गए वे क्लास में और प्ले ग्राउंड में भी मास्क लगाए रहे। स्कूलों में असेंबली में सख्त आदेश दिया गया कि कल से सभी बच्चे मास्क लगाकर ही स्कूल आएंगे।
बातचीत-
सुबह जब स्कूल आया तो आंखों में जलन हो रही थी। स्कूल में मैडम ने बताया कि ये कार्बन डाई ऑक्साइड के कारण हो रहा है। लक्ष्य, कंकरखेड़ा
सुबह स्कूल आते समय सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। घुटन सी महसूस हो रही थी। चारों तरफ धुआं नजर आ रहा था। आर्यन, कंकरखेड़ा
हवा में इतना धुआं मैंने पहली बार देखा, पता नहीं अचानक से मौसम क्यों बदल गया, जिसके कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है। उमंग, कंकरखेड़ा
सुबह 7 सात बजे के करीब तक हवा में बारूद के जलने की गंध आ रही थी। गंध की वजह से सांस लेना दूभर हो गया। स्कूल परिसर में आकर चैन की सांस ली। त्विसी ठक्कर, रक्षापुरम
मम्मी खुद स्कूटी से छोड़ने स्कूल आई थीं, लेकिन कोहरा इतना था कि उनको ड्राइव करने में परेशानी आई। चिन्मय श्रीवास्तव, यशोदाकुंज
दिवाली की सुबह तक सब सामान्य था। दिवाली पर जले पटाखों ने धुंध की समस्या पैदा कर दी। सुबह जल्दी-जल्दी में मास्क ना मिलने की वजह से रुमाल से मुंह ढककर स्कूल आए।
अंशुल कसेरुबक्सर
किस पटाखे ने कितना किया नुकसान
पटाखा--धुएं का उत्सर्जन
सांप पटाखा- 464 सिगरेट बराबर
1000 लड़ियों का चटाई बम- 277 सिगरेट
पुलपुल- 208 सिगरेट
फुलझड़ी- 74 सिगरेट
चकरी- 68 सिगरेट
अनार- 34 सिगरेट
पटाखे द्वारा हवा में घोला गया पीएम 2.5
पटाखा- हवा में घोला गया यूूूूजी, क्यूबिक मीटर पीएम 2.5
सांप पटाखा- 3 मिनट में 64,849
चटाई बम 1000 लड़ी- 6 मिनट में 47,789
पुलपुल- 3 मिनट में 34,068
फुलझड़ी- 2 मिनट में 10,898
चकरी- 5 मिनट में 10,475
अनार बम- 3 मिनट में 5,640