क्रांतिधरा पर बृहस्पतिवार को एक और जनांदोलन का सूत्रपात हो गया। आगाज जोशोखरोश से हुआ। शहर के हर वर्ग ने स्वाभिमान की इस लड़ाई में शिरकत की। अपने शहर के विकास के लिए हक के साथ स्मार्ट सिटी मांगी। अमर उजाला के साथ जुड़कर बेगमपुल चौराहे पर मानव शृंखला बनाकर इस हक को पाने की प्रतिबद्धता जतायी। हाथों में हाथ और कंधे से कंधा मिलाकर मेरा मेरठ-मेरा हक, हमें चाहिए स्मार्ट सिटी, स्मार्ट सिटी लेकर रहेंगे हम की समवेत आवाज उठायी। हर शहरी ने स्पष्ट कर दिया कि इस आंदोलन को हम सुखद अंजाम तक पहुंचाएंगे।
मेरठ को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिलाने के लिए बेगमपुल चौराहा पर बनी इस मानव शृंखला के दौरान मेरठ शहर को लेकर हो रहे पक्षपात पर आक्रोश भी जताया गया। शहर की समाजसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, छात्र संगठनों, राजनीतिक संगठनों के साथ ही नगर निगम के प्रतिनिधि भी मानव शृंखला में जुटे। महिलाओं ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर इस आंदोलन को समर्थन दिया।
पहुंचे जनप्रतिनिधि
मानव शृंखला में महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, पार्षद संहसरपाल, अशोक प्रधान, राकेश शर्मा, हरीश जाटव, पूर्व पार्षद विपिन जिंदल आदि मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि स्मार्ट सिटी मेरठ का हक है और इसे लेकर रहेंगे। विधायक ने कहा कि मेरठ के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इनके साथ ही अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. चरण सिंह लिसाड़ी, पश्चिमी क्षेत्र के प्रवक्ता आलोक सिसौदिया, महानगर प्रवक्ता गजेंद्र शर्मा, युवा मोर्चा के नीरज जटौली, आईटी सेल के आशीष अग्रवाल, गौरव, राहुल भी पहुंचे। शिवसेना के जिला प्रमुख धर्मेंद्र तोमर, विद्यार्थी सेना के महानगर अध्यक्ष अवधेश शर्मा, उत्तर प्रदेश प्रधान संगठन के डीपी सिंह, पार्षद किशन कन्हैया, राष्ट्रीय क्रांति मोर्चा के देवकरण शर्मा और अमरजीत सिंह ने भी अपने समर्थकों के साथ भाग लिया।
व्यापार जगत ने उठाई हक की आवाज
मानव शृंखला में संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अरुण वशिष्ठ, मेरठ जनपद ईंट निर्माता समिति के महामंत्री पवन मित्तल, संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री संजय जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलजीत सिंह, उपाध्यक्ष कमल ठाकुर, कोषाध्यक्ष सतीश चंद जैन, मंत्री संदीप रेवड़ी, ईंट निर्माता समिति के सतीश गुप्ता, नगीन चंद जैन, ठा. प्रतीश सिंह, संजय गोदावरी, विजयपाल, बागपत रोड व्यापार संघ के संजय गुप्ता, आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, सरदार राजबीर सिंह, बेगमपुल व्यापार संघ के पुनीत शर्मा, अनिल मित्तल, आकाश खन्ना, विनोद जायसवाल, सोना-चांदी व्यापार संघ के संत कुमार वर्मा आदि प्रमुख रुप से मौजूद रहे। सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ के रजत अरोड़ा ने कहा कि पूरा सेंट्रल मार्केट इस मांग को लेकर आगे भी संघर्ष करता रहेगा।
सामाजिक संगठन पहुंचे टीम के साथ
रिसर्च एंड रिलीफ सोसाइटी के नवीन प्रधान के साथ सामाजिक संगठनों के कई प्रतिनिधि पहुंचे। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन अजय मित्तल, सत्यकाम मानव सेवा समिति के अजय शर्मा, मास्टरमाइंड एजूकेशन सोसाइटी के संजय शर्मा, सुरभि परिवार के दिनेश तलवार, कोशिश संस्था के अजय सेठी आदि दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए।
युवाओं और छात्रों की रही अच्छी भीड़
छात्र नेता विनीत चपराणा और युवा नेता पप्पू गुर्जर के नेतृत्व में काफी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। रालोद के युवा नेता केपी भाटी, मनोज जिटौली, अमरदीप पंवार और अनिल मंत्री टीम के साथ पहुंचे। समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश सचिव अनुज जावला के साथ सम्राट मलिक, बलराम सोम, मोनू बालियान, अंकित ढाका, अनुभव, रोहित, विक्की, राजा चौधरी, शुभम कसाना, अंकित कोहली, अनस राजपूत, अक्षय गुर्जर, राहुल दीक्षित, शोभित, फसी राजपूत, शंभू पहलवान, श्रीकांत चौधरी, अक्षय प्रजापति, हरेंद्र भड़ाना, अमित भड़ाना, जॉनी गुर्जर, पवन कुमार, कपिल कुमार, मौ. चांद, शशि राजपूत, दानिश चौधरी, सौरभ, राहुल फफूंडा, राहुल मावी, अनुज गुर्जर आदि मौजूद रहे।
महिलाओं ने मांगी स्मार्ट सिटी
मंजू जैन लाइफ ग्रुप, मोना तेवतिया विजयश्री वूमेन ग्रुप, संध्या गर्ग, अभिलाषा फाउंडेशन से ममता गर्ग, अंशु गुप्ता, डॉ. सरिता त्यागी, कवियत्री ममता वार्ष्णेय, भाजपा महिला मोर्चा से सरला शर्मा, संगीता पंडित आदि मौजूद रहीं।
एनसीसी कैडेट्स ने संभाली कमान
फैज-ए-आम इंटर कालेज के एनसीसी कैडेट्स ने कैप्टन आईए खान के निर्देशन में मानव श्रंखला नियंत्रण के साथ ही यातायात की व्यवस्था में सहयोग दिया।
नहीं बिगड़ने दी यातायात व्यवस्था
बेगमपुल जैसे व्यस्त चौराहे पर नागरिकों ने जहां पूरे जोश के साथ अपने हक की आवाज उठायी। वहीं, अहम बात ये रही कि आधा घंटे के इस आयोजन में यातायात व्यवस्था जरा भी नहीं गड़बड़ायी। पूरी तरह अनुशासित इस मानव शृंखला के आयोजन में दोनों तरफ के वाहन निरंतर चलते रहे। करीब तीन सौ मीटर लंबी मानव शृंखला बेगमपुल चौराहे पर तीन तरफ बनी रही।