भारतीय रेलवे विभाग को लेकर वैसे तो अक्सर सवाल उठते रहते हैं, लेकिन अब फिर से एक ताजा मामला सामने आया है। बता दें कि यहां टूटे ट्रैक से रातभर ट्रेनें गुजरती रहीं।
तिलकराम इंटर कॉलेज के सामने शनिवार रात रेलवे ट्रैक क्रेक हो गया। जिस पर से एक्सप्रेस सहित करीब डेढ़ दर्जन ट्रेनें पूरी रात गुजरती रहीं। सुबह कॉलेज के सफाईकर्मी ने ट्रैक टूटा देखा तो उसने लाल कपड़ा दिखाकर एक पैसेंजर ट्रेन को रुकवाया। जिसके बाद रेलवे विभाग को सूचना दी गई।
पिछले वर्ष कानपुर में हुए रेल हादसे से भले ही रेलवे विभाग सतर्क हुआ हो, लेकिन रेलवे ट्रैक के क्रेक होने से लेकर नट-बोल्ट लूज होने जैसे गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। खतौली रेलवे स्टेशन से मात्र पौन किलोमीटर की दूरी पर तिलकराम इंटर कालेज के सामने शनिवार रात को रेलवे ट्रैक क्रेक हो गया। रात में रेलवे विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। रात में शालीमार, इंटरसिटी, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेनों सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें इस टूटे हुए ट्रैक से गुजरती रहीं। रेलवे विभाग की इसी लापरवाही से रात के समय बड़ा हादसा भी हो सकता था। रविवार सुबह करीब छह बजे कालेज का सफाईकर्मी राधेश्याम वहां से गुजरा तो उसने ट्रैक टूटा हुआ देखा।