छुटमलपुर(सहारनपुर)। गांव भैंसराऊ निवासी मां-बेटे से छह लोगों ने साजिश कर सवा तीन करोड़ रुपये कीमत की जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। आरोप है कि नाममात्र की जो रकम उन्हें दी भी गई वह भी आरोपियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
फतेहपुर थाने के गांव भैंसराऊ निवासी सतपाल पुत्र इलमचंद ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उसने और उसकी मां रामकली ने अगस्त 2023 में अपनी जमीन का सौदा नकुल कुमार निवासी नया मुरादाबाद थाना मिझौला, त्रिपेश गोयल दिल्ली गेट गाजियाबाद थाना सिहानीगेट और शिवांग ढिल्लो कासना गौतमबुद्ध नगर के साथ तीन करोड़ 27 लाख रुपये में किया था। खरीदारों ने सर्किल रेट की रकम 48 लाख रुपये बैंक खाते तथा बाकी रकम नकद देने का वादा किया था। तीन अगस्त को नकुल की मां रामकली तथा एक अन्य खाते से उनके खातों में 18 लाख 45000 रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
इसके दो दिन बाद विपक्षियाें ने इनवेस्टमेंट का झांसा देकर उनसे अलग-अलग खातों में पूरी रकम वापस करा ली। आठ माह तक उन्हें कुछ रुपये वापस भी दिए, लेकिन बाद में रुपये देने बंद कर दिए। पीड़ित का कहना है कि उनसे रुपये भी ले लिए और सवा तीन करोड़ की जमीन भी अपने नाम करा ली। पुलिस ने तीन खरीदार समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।