सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में चल रहीं रेग्युलर और प्राइवेट की मुख्य परीक्षाओं में नकल की शिकायत पर यूनिवर्सिटी ने शनिवार को छह कॉलेजों के परीक्षा केंद्र बदल दिए हैं। दो अप्रैल और उसे आगे की परीक्षाएं अब नए केंद्रों पर होंगी। इसके अलावा कुलपति के निर्देश पर फ्लाइंग स्क्वॉयड की 10 टीमों का पुनर्गठन किया गया है।
सीसीएसयू ने शनिवार को मृणालिनी गर्ल्स डिग्री कॉलेज हरोरा सहारनपुर का सेल्फ खत्म करते हुए अब महाराज सिंह कॉलेज सहारनपुर को केंद्र बनाया है। धर्म सिंह जगदीश सिंह महाविद्यालय फतेहपुर कला बेहट सहारनपुर और स्वामी कल्याण देव शंभू सिंह भूमली देवी डिग्री कॉलेज बेहट सहारनपुर का केंद्र पहले धर्म सिंह जगदीश सिंह महाविद्यालय था। इसे निरस्त करते हुए अब इनका केंद्र गर्वमेंट महिला महाविद्यालय बेहट सहारनपुर बनाया है।
मां सरस्वती बालिका महाविद्यालय सिकंदरपुर कैराना का केंद्र भी पहले सेल्फ था। इसे निरस्त करते हुए उपाध्याय नयन सागर जैन डिग्री कॉलेज जमालपुर झिंझाना को केंद्र बनाया है। मेरठ में श्री महावीर गर्ल्स डिग्री कॉलेज सरधना रोड मेरठ और बीआईईटी विद्यापीठ पोहल्ली सरधना रोड मेरठ का केंद्र श्री महावीर गर्ल्स डिग्री कॉलेज में था। इसे निरस्त करते हुए अब सेंट जोजफ गर्ल्स डिग्री कॉलेज सरधना मेरठ को इन दोनों कॉलेजों का केंद्र बनाया है। इन कॉलेजों की दो अप्रैल की परीक्षा और उससे आगे होने वाली सभी परीक्षाएं नए केंद्रों पर होंगी।
फ्लाइंग स्क्वॉयड टीमों के बदले सदस्य
मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्घनगर, बागपत, शामली, हापुड़, बुलंदशहर, शामली और सहारनपुर जिलों में नकल रोकने के लिए बनाई गईं फ्लाइंग स्क्वॉयड की टीमों का पुनर्गठन किया गया है। सहारनपुर में दो और बाकी जिलों में एक-एक टीम छापेमारी के लिए बनाई गई है।
कई सेमेस्टर पाठ्यक्रमों का रिजल्ट जारी
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों के कई सेमेस्टर पाठ्यक्रमों का रिजल्ट शनिवार को यूनिवर्सिटी ने जारी किया है। इनमें एमफिल इकोनॉमिक्स प्रथम सेमेस्टर, एमएसडब्लू प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर, बीवॉक- यौगिक साइंस प्रथम सेमेस्टर और बीपीईएस प्रथम सेमेस्टर शामिल हैं। रिजल्ट सीसीएसयू की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।