मुंडाली बिजली घर पर धरना देते किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता।
- किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता मंगलवार रात से मुंडाली स्थित बिजली घर पर हैं धरनारत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष अंशुल तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार देर रात करीब 11 बजे मुंडाली स्थित बिजली घर पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं को धरना बुधवार को भी जारी रहा।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष अंशुल तोमर ने बिजली विभाग की लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांव समयपुर इस समय ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण अंधेरे में डूबा हुआ है। दो दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे ग्रामीणों और किसानों की दिनचर्या पूरी तरह से ठप हो गई है। वह कई बार बिजली निगम को शिकायत पत्र देकर पुराने जर्जर बिजली के तारों को बदलवाने के लिए कह चुके हैं लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। इससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। बिजली निगम को तत्काल इन जर्जर तारों को हटाकर केबल लाइन बिछाने पर जोर दिया गया।
मौके पर पहुंचे एसडीओ रवींद्र कुमार ने कहा कि इन मांगों के बारे में उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे और समयपुर गांव में अतिशीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता है, धरना जारी रहेगा। उन्होंने 29 अगस्त को धरनास्थल पर पंचायत करने की भी घोषणा की, जिसमें मुख्य रूप से मुंडाली गांव में बारिश के पानी से हो रहे जलभराव का मुद्दा रहेगा। कहा कि यदि एसडीएम सदर और तहसीलदार पंचायत में नहीं पहुंचते हैं तो एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।