रक्षाबंधन पर बहनों को यूपी रोडवेज में निशुल्क यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इस आदेश पर रोडवेज अधिकारियों ने बसों को दुरुस्त कर लिया है। अतिरिक्त बेड़े में शामिल बसों को शनिवार देर शाम से सड़कों पर उतार दिया गया। यूपी में पहली बार रक्षाबंधन पर बहनों को निशुल्क यात्रा का अवसर दिया गया है, जबकि उत्तराखंड सरकार यह सुविधा पहले से दे रही है।
रक्षाबंधन का त्योहार सात अगस्त को है। एक दिन पहले यानी रविवार से ही रोडवेज बस, ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाएगी। जिसका असर आज सुबह से ही बसों में दिखाई देना शुरू हो जाएगा। रोडवेज ने 175 अतिरिक्त बसों के संचालन का दावा किया है। संचालन के लिए कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि योजना जारी कर छुट्टी रद कर दी हैं। बसों की निगरानी के लिए छह जगह चेक पोस्ट बनाकर कर्मचारी तैनात किए हैं। जो चालक परिचालक बस स्टॉप पर खड़ी बहनों के लिए बस नहीं रोकेगा उस पर सख्त कार्रवाई होगी। आरएम एसके बनर्जी ने बताया कि 5 से 10 अगस्त तक रोडवेज रक्षाबंधन अभियान चला रहा है। इसके लिए रूटों पर पहले से चल रही बसों के अतिरिक्त 175 बसों की व्यवस्था की गई है। यूपी रोडवेज बसों में बहनों को निशुल्क यात्रा करने का लाभ रविवार मध्य रात्रि से सोमवार मध्य रात्रि तक ही मिलेगा।
रेलवे भी तैयार
रक्षाबंधन पर यात्रियों को मंगलमय यात्रा के लिए रेलवे ने तैयारी पूरी कर ली हैं। सिटी रेलवे स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा का कहना है कि रेलवे की तरफ से टिकट खिड़कियों पर सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं वहीं सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ और जीआरपी ने भी पूरी तैयारी कर ली हैं। ट्रेनों में चेकिंग होगी। साथ ही यात्रियों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए पूछताछ केंद्र पर हर समय कर्मचारी तैनात रहेगा।
इन रूटों पर चलेगी अतिरिक्त बसें
रूट अतिरिक्त बस डिपो
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर, पुरकाजी 20 भैसाली
गाजियाबाद-कौशांबी 20 भैसाली
आईएसबीटी कश्मीरी गेट दिल्ली 20 मेरठ
हापुड़-बुलंदशहर-अलीगढ़ 20 सोहराबगेट
गढ़-गजरौला-मुरादाबाद 30 गढ़ व सोहराबगेट
बिजनौर-नजीबाबाद-कोटद्वार 20 मेेरठ व सोहराबगेट
शामली-बिडौली 10 मेरठ
बड़ौत-गुराना-मुजफ्फरनगर 10 बड़ौत
बड़ौत-बागपत-लोनी मोड-शामली 20 बड़ौत
छपरौली-बड़ौत-टांडा 05 बड़ौत