मेरठ। लिसाड़ी गेट में भाई के मकान में आई ननद का उसकी भाभी ने 55 वर्षीय व्यक्ति से रुपये लेकर निकाह तय कर दिया। इसी बीच युवती की बड़ी बहन ने वहां पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की गई। पीड़िता ने बहन का सौदा करने का आरोप लगा तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक तारापुरी निवासी महिला ने थाने पहुंचकर बताया कि उनकी छोटी बहन कुंवारी है और कुछ दिन पहले वह अपने भाई के यहां रहने के लिए आई थी। मंगलवार को वह भाई के घर अपनी छोटी बहन को लेने पहुंची तो वहां कुछ लोग बैठे थे। तभी पता चला कि भाई की पत्नी ने उसकी छोटी बहन का सौदा कर दिया है। आरोप है कि भाभी रुपये लेकर जबरन बहन का निकाह 55 वर्षीय व्यक्ति करा रही थी। विरोध करने पर भाभी व अन्य लोगों ने मारपीट कर दी। महिला ने बताया कि जब उसने आरोपियों से बचने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके हाथ में काट लिया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि इस मामले में थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।