- पांच लाख से अधिक मतदाताओं के अब तक जमा नहीं हुए हैं फार्म
- मृतक, शिफ्टेड, नहीं मिलने वाले और डुप्लीकेट मतदाताओं की है ये संख्या
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फार्म जमा करने की शुक्रवार को अंतिम तारीख है। हालांकि अभी भी एसआईआर का काम पूरा नहीं हुआ है। अभी भी करीब 5 लाख 39 हजार मतदाता ऐसे हैं जिनके फार्म जमा नहीं हुए हैं। इनमें अधिकांश संख्या मृतक, शिफ्टेड, नहीं मिलने वाले और डुप्लीकेट मतदाताओं की है।
उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 26 दिसंबर 2025 है। पहले यह तिथि पहले 11 दिसंबर थी लेकिन चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध पर 15 दिनों का विस्तार दिया था। एसआईआर की प्रक्रिया अपडेट ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 दिसंबर 2025 को जारी होगी। दावे और आपत्तियां 31 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक दर्ज की जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची फरवरी 2026 में प्रकाशित होगी।
मेरठ जिले में कुल 26,99,820 मतदाता हैं। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत यानी 21,59,856 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किए हैं जबकि शेष 5,39,964 एएसडीडी (अनुपस्थित, शिफ्ट, मृत्यु, डुप्लीकेट) श्रेणी में हैं, जिनका दोबारा सत्यापन चल रहा है।
========
वर्तनी (स्पेलिंग) की अशुद्धियों में भी उलझे बीएलओ
बीएलओ अभी भी 2003 की मतदाता सूची में वर्तनी (स्पेलिंग) की अशुद्धियों में उलझे हैं। वर्तनी अशुद्ध होने के कारण अब उन्हें दोबारा से मतदाताओं का मिलान करना पड़ रहा है। इसके लिए आधार कार्ड और बीएलओ के घोषणापत्र को ऑनलाइन अपलोड करना पड़ रहा है। एसआईआर से 2025 की सूची में शामिल मतदाताओं का 2003 की सूची से मिलान किया गया हैं। इसके साथ ही जिन मतदाताओं के 2003 की सूची में नाम नहीं थे उनका मिलान उनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम से किया गया है।
2003 की सूची में शामिल नामों की वर्तनी में बड़ी पैमाने पर अशुद्धियां हैं। बीएलओ ने लंबी प्रक्रिया अपनाकर अपने बूथ की मतदाता सूची का मिलान कर कार्य पूरा कर दिया था लेकिन अब वर्तनी की अशुद्धि मुसीबत का सबब बन गई। तहसीलों से फिर से बीएलओ एप पर ऐसे मतदाताओं की डिटेल भेज दी गई है जिनका मिलान हो चुका है लेकिन मतदाता के नाम की वर्तनी अशुद्ध है। एक-एक बीएलओ को 200 से 250 तक ऐसे नाम भेजे गए हैं। अब उन्हें दोबारा से घर-घर घूमकर सभी मतदाताओं से उनके आधार कार्ड ले रहे हैं।