सिलिंडर के बढ़े दाम ने बिगाड़ा रसोई का बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। साल के आखिरी महीने में रसोई गैस सिलिंडर पर 100 रुपये की हुई बढ़ोत्तरी ने लोगों को रुलाना शुरू कर दिया है। वहीं गृहणियों ने कहा कि सिलिंडर के दाम बढ़ने से रसोई का बजट भी बिगड़ गया है।
बीते कई वर्षों से महीने में दो बार महीने की पहली तारीख व महीने के मध्य में 16 तारीख से तेल कंपनियां रसोई गैस सिलिंडर की कीमत निर्धारित करती है।
इस बार महीने की दूसरी तारीख को ही 50 रुपये मध्य में व इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर अनिल सागर के मुताबिक 16 तारीख को फिर से 50 रुपये की घरेलू रसाई गैस सिलिंडर में बढ़ोत्तरी कर दी है। अब घरेलू गैस सिलिंडर 692 रुपये का हो गया है। वहीं एजेंसी सागर ने बताया कि 14.2 किलो घरेलू गैस सिलिंडर पर एक दिसंबर को 592 रुपये तथा दो दिसंबर को 642 और 15 दिसंबर को 692 रुपये हो गया।
गृहणी व ग्राम प्रधान संगीता रानी ने कहा कि सब्जी के दाम घटे तो अब रसाई गैस सिलिंडर के रेट बढ़ गए हैं। पहले तो कई महीने सब्जी की मार झेली अब रही सही कसर घरेलू गैस सिलिंडर पर 100 रुपये की बढ़ोत्तरी ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।
पूजा भवालिया ने कहा कि काफी दिनों से घरेलू गैस का उपयोग कर रहे हैं। ऐसा पहली बार देखा है कि एक महीने में दो बार गैस पर हुई बढ़ोत्तरी वो भी 50-50 रुपये की हुई हो। इससे किचन का बजट गड़बड़ा गया है।