सराय खादर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा खारों वाला में चार दिवसीय सालाना सिख समागम शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। गांव सराय खादर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा खारों वाला में चार दिवसीय सालाना सिख समागम शुरू हुआ। पहले दिन बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरु वाणी का श्रवण किया। कार्यक्रम में पंजाब के अलहौर साहिब से पधारे संत बाबा कश्मीरा सिंह ने सिख धर्म की बहादुरी, त्याग और बलिदान की परंपरा का विस्तार से वर्णन किया। रागी जत्थों ने गुरु महिमा का गुणगान कर संगत को निहाल कर दिया।
उन्होंने कहा कि सिख धर्म अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। गुरु साहिबानों ने मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया, इसलिए उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने संगत से गुरु की वाणी को जीवन में उतारने और समाज में प्रेम, भाईचारा व सेवा भावना बढ़ाने का आह्वान किया।
संत बाबा कश्मीरा सिंह के प्रवचनों को सुनकर संगत भाव-विभोर हो गई और पूरा गुरुद्वारा परिसर सतनाम-वाहेगुरु के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान गुरबाणी कीर्तन भी हुआ, जिसमें समागम के अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। लंगर सेवा में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और सेवा भावना का परिचय दिया।
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के गुरप्रीत सिंह ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस सालाना समागम में प्रतिदिन कीर्तन, कथा और धार्मिक प्रवचन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है। समागम को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजक कमेटी की ओर से जोगा सिंह, हरविंदर सिंह ग्रेटा, जज सिंह, जसबीर सिंह, आदि का सहयोग रहा।