बहन की शादी के कार्ड बांटने जा रहे एसआई की सड़क हादसे में मौत
परीक्षितगढ़। मेरठ मार्ग पर गांव खजूरी के पास शनिवार दोपहर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एसआई और उसके ताऊ के लड़के को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान एसआई की मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनाें भाई अपनी चचेरी बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए जा रहे थे। अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।
मवाना थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी एसआई वरुण के चाचा की बेटी की शादी 18 जून को है। शनिवार को वरुण ताऊ गजराज सिंह के बेटे संदीप के साथ चचेरी बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक पर मेरठ जा रहे थे। दोपहर बाद करीब तीन बजे मेरठ मार्ग पर गांव खजूरी के समीप सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान एसआई वरुण की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से बाइक कब्जे में ले ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रेनिंग के बाद से घर पर था वरुण
परिजनों के अनुसार, गांव खाईखेड़ा निवासी सुभाष के बेटे वरुण ने 2019 में यूपी पुलिस में एसआई की परीक्षा पास की थी। सीतापुर में एसआई की ट्रेनिंग के बाद वह घर पर था। वरुण को अभी तक तैनाती नहीं मिली थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक वरुण दो भाई व एक बहन में मंझला था। उसकी मौत से मां दयावती, पिता सुभाष, बहन नीशू के अलावा परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक परिवार के लोगों ने हादसे की तहरीर नहीं दी है।
हादसे में बाइक सवार घायल
जानीखुर्द। मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव बाफर के पास शनिवार को अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। दुुर्घटना में बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कस्बा सराय निवासी रविंद्र शनिवार को बाइक से मेरठ के लिए चला। मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव बाफर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।