शटडाउन लिया चार घंटे का, सात घंटे तक नहीं मिली बिजली
मेरठ। रैपिड रेल के कार्य के लिए चार घंटे का शटडाउन लिया गया, जबकि बिजली आपूर्ति सात घंटे बाद की गई। गर्मी में उपभोक्ताओं का हाल बेहाल हो गया। पीवीवीएनएल अधिकारियों ने दो बिजलीघरों से वैकल्पिक इंतजाम करने की बात कही, लेकिन लोगों का कहना है कि बिजली आती जाती रही, जिससे काफी परेशानी हुई।
रैपिड रेल परियोजना के लिए एनसीआरटीसी ने मेवला फाटक के पास काम के चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए शटडाउन लिया था। इसके चलते मोहकमपुर, माधवपुरम और टीपीनगर बिजलीघर की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। शटडाउन की जानकारी मीडिया व मेसेज के जरिये उपभोक्ताओं तक पहुंचाई गई थी, लेकिन निर्धारित शटडाउन समय में काम पूरा नहीं हो सका। इसके बाद शटडाउन को आगे बढ़वा लिया गया। शाम पांच बजे काम पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सकी। चार घंटे की बजाय सात घंटे बिजली बाधित होने से तीनों बिजलीघरों के हजारों उपभोक्ताओं का गर्मी के मारे बुरा हाल हो गया।
अधिकारियों ने दावा किया कि माधवपुरम बिजलीघर को वेदव्यासपुरी और टीपीनगर बिजलीघर को टाउन हाल बिजलीघर से बिजली आपूर्ति कराई गई। क्षेत्र में रविवार का अवकाश होने के चलते मोहकमपुर बिजलीघर को वैकल्पिक आपूर्ति नहीं की जा सकी। अधीक्षण अभियंता शहर विजयपाल ने बताया कि काम निर्धारित समय में पूरा नहीं होने पर ही शटडाउन बढ़ाना पड़ा।
आज रंगोली बिजलीघर की कटेगी बिजली
मेंटीनेंस कार्य के लिए सोमवार को सुबह 6 बजे से 7 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इसके चलते रंगोली बिजलीघर को आपूर्ति नहीं होगी। यह जानकारी अधीक्षण अभियंता शहर विजयपाल ने दी।