सरधना। श्रीमद्भागवत भव्य कलश यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालु। आयोजक
सरधना। नगर के मेरठ रोड पर स्थित गायत्री एस्टेट में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा प्राचीन शिव मंदिर परिसर से शुरू हुई और मोहल्ले से होते हुए वापस मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पीत वस्त्र पहनकर व सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। इससे पूर्व कथा स्थल पर हवन-पूजन किया गया।
कथा का शुभारंभ करते हुए कथावाचक पंडित हरिओम शरण ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा ऐसी कथा है जो जीवन के उद्देश्य एवं दिशा को दर्शाती है। इसलिए जहां भी भागवत कथा होती है इसे सुनने मात्र से वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियों से खत्म होकर सकारात्मक ऊर्जा से सशक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि कथा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब इसे हम अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें। श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है। इस दौरान देवेश वत्स, मयंक चौधरी, विनोद चौधरी, मोहित तेवतिया, सचिन चौधरी, अरविंद चौधरी, अजित चौधरी मौजूद रहे।