दौराला। कस्बे के वार्ड 10 सुभाषपुरी निवासी संदीप ने शोरूम संचालक पर ई-रिक्शा नहीं लौटाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ई-रिक्शा में कुछ खराबी आने पर उसने सही करने के लिए शोरूम पर ई-रिक्शा खड़ा किया था, लेकिन साल बीतने के बाद भी उसे न तो रुपये मिले न ही ई-रिक्शा।
संदीप ने तहरीर में बताया कि उसने सालभर पहले ई-रिक्शा खरीदा था, लेकिन कुछ ही माह बाद उसमें खराबी आ गई। इस पर उसने शोरूम पर ई-रिक्शा ठीक करने के लिए खड़ा कर दिया। आरोप है कि वह लगातार चक्कर काटता रहा, लेकिन ई-रिक्शा नहीं दिया। अब शोरूम दौराला से मोदीनगर निवाड़ी रोड पर पहुंच गया है। आरोप लगाया कि संचालक अब बोल रहा है कि उसका ई-रिक्शा चोरी हो गया है। जब उसने अपने 75 हजार रुपये मांगे तो नहीं लौटाए। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।