संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मोहल्ला भाटवाड़ा में तालाब पर अवैध कब्जा कर रहे फेरू सिंह की झोपड़ी नगर पालिका द्वारा हटाए जाने के मामले में प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस संबंध में पीड़ित ने एसडीएम से शिकायत की है।
पीड़ित ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह करीब 30 वर्षों से लगभग 20 गज की झोपड़ी में रहकर दो गायों के सहारे अपना और परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। आरोप है कि 20 फरवरी की शाम बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था किए झोपड़ी पर बुलडोजर चलवा दिया गया। झोपड़ी में बंधी गायें मलबे में दबकर घायल हो गईं, जिससे उसकी आजीविका पर भी संकट उत्पन्न हो गया। मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने अधिशासी अधिकारी से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है।
नोटिस में पूछा है कि क्या उक्त कार्रवाई सक्षम न्यायालय के आदेश अथवा नियमानुसार प्रक्रिया के तहत की गई थी, क्या पीड़ित को पूर्व में कोई नोटिस जारी किया गया था और क्या उसके पुनर्वास की कोई व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। साथ ही यह भी स्पष्ट करने के लिए कहा गया कि संबंधित व्यक्ति भूमिहीन है या नहीं।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर का कहना है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।