फिल्म शोरगुल रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। बृहस्पतिवार को सरधना विधायक संगीत सोम ने फिल्म पर आपत्ति जताई थी, वहीं शुक्रवार को उनके समर्थकों ने कई जगह विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतले फूंके। उन्होेंने ऐलान किया कि वह आपत्तिजनक अंश हटाये बगैर फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने देंगे।
युवा क्षत्रीय महासभा के जिलाध्यक्ष कुलदीप तोमर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने फिल्म निर्देशक पुतला फूंका। इसमें भाजपाई भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस फिल्म के जरिये विधायक संगीत सोम की छवि को बिगाड़ने और सांप्रदायिक उन्माद भड़काने का प्रयास किया गया है।
जब तक फिल्म से आपत्तिजनक दृश्य नहीं हटाये जायेंगे, फिल्म का प्रदर्शन नही होने दिया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अनुज वाल्मीकि, अमित चौहान, गगन सोम, अंकित त्यागी, चीकू पंडित, राजेश निगम, विकास राणा, विक्की त्यागी, मनीष जटौली, राहुल भटीपुरा मौजूद रहे।
दूसरी तरफ सरधना में भी समर्थक और संगीत सोम सेना के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने पुलिस चौकी बस स्टैंड के निकट देवी मंदिर पर फिल्म निर्देशक का पुतला फूंका। इनमें भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद कुमार, संगीत सोम सेना प्रदेशाध्यक्ष सचिन खटीक, प्रदेश महामंत्री प्रवीण जैन, संजीव पंवार, रूपचंद वर्मा, विधायक प्रतिनिधि विपिन त्यागी, अंकित शामिल रहे।
कोर्ट में याचिका दायर
मुजफ्फरनगर दंगों पर आधारित फिल्म शोरगुल 24 जून को रिलीज होगी। फिल्म पर विधायक संगीत सोम ने रोष जताया है। फिल्म में विधायक का किरदार संगीत सोम की छवि को धूमिल करने वाला बताया। समर्थक मिलन सोम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में याचिका दायर की।
फलावदा में भी फूंका पुतला
फलावदा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने पैठ बाजार में फिल्म निर्देशकजितेंद्र कुमार व पी सिंह का पुतला फूंका। इस मौके पर विकास पाल, विनोद कुमार, हरिओम सैनी, हर्षवर्धन, गौरव कुमार, रविंद्र मौजूद रहे।