सरधना। बिनौली रोड पर लंबे समय से नाले की सफाई न होने के कारण इलाके के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाले में जमा गंदगी और कचरे से उठती दुर्गंध ने आसपास रहने और काम करने वाले लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल कर दिया है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि नाला दुकानों के सामने से गुजरता है और लंबे समय से इसकी सफाई नहीं की गई है। नाले में गंदगी जमा होने से जल निकासी बाधित हो रही है। आसपास का पानी दूषित हो रहा है। इससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। ललित गुप्ता, संजीव त्यागी, प्रदीप बुद्धिराजा, अंकुर, मुकेश कुमार, दीपक जैन आदि का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस कारण लोगों में पालिका के प्रति नाराजगी और रोष बढ़ गया है। कस्बेवासी और दुकानदारों ने नगर पालिका प्रशासन से नाले की सफाई जल्द कराने और गंदगी से होने वाली परेशानी को दूर करने की मांग की है।