लावड़। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने व व्यापारियों को राहत देने के लिए प्रशासन की ओर से रोस्टर प्लान बनाया गया था। कुछ व्यापारी बिना रोस्टर के ही दुकान खोल रहे हैं। इसलिए बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। वहीं लोग सोशल डिस्टेंसिंग का भी जमकर उल्लंघन कर रहे हैं।
लॉक डाउन 4 में प्रशासन ने व्यापारियों को राहत देते हुए रोस्टर प्लान लागू किया था। रोस्टर प्लान के मुताबिक अलग अलग दिन सभी दुकानों को खोलने के लिए दिए गए थे। सभी दुकानदार सोमवार व बृहस्पतिवार को छोड़कर गुपचुप तरीके से प्रतिदिन दुकान खोल रहे हैं। पुलिस व प्रशासन इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। इस कारण बाजार में भीड़ उमड़ रही है। इस कारण सुबह के समय जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि 12 बजते ही बाजार पूरी तरह बंद हो जाता है। एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय का कहना है कि पुलिस को निर्देश देकर ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई कराई जाएगी जो रोस्टर प्लान का पालन नहीं कर रहे है।