सरधना। कालंद चुंगी बाजार में चाऊमीन देने में देरी होने पर दो युवकों ने ठेला संचालक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने ठेले पर रखा सामान उठाकर फेंक दिया। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
किला खेवान मोहल्ला निवासी साबिर पुत्र ताहिर कालंद चुंगी बाजार में चाऊमीन का ठेला लगाता है। बुधवार को उसके ठेले पर दो युवक पहुंचे और चाऊमीन मांगी। साबिर ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इससे साबिर गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने ठेले पर रखा सामान भी उठाकर सड़क पर फेंक दिया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।