संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना सरधना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आने पर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को साथ देख लिया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। मामले में देर शाम तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, एक गांव की एक युवती का क्षेत्र के ही एक युवक से परिचय था। रविवार को दोनों गांव में मिले थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने दोनों से पूछताछ की तथा युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से अलग कर थाने ले जाकर पुलिस ने युवक से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई।
घटना के दौरान गांव में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।