मेरठ। लिसाड़ीगेट क्षेत्र में इस्लामाबाद ताला फैक्टरी के पास कनफेक्शनरी की दुकान पर पिज्जा के पैसे मांगने पर युवक ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए इस्लामाबाद निवासी मोहम्मद माज ने बताया कि वह ताला फैक्टरी के पास हाजी एजाज अहमद की कनफेक्शनरी की दुकान पर नौकरी करता है।
शनिवार शाम करीब साढ़े आठ बजे दुकान पर जैद उर्फ टैंटा नाम का युवक आया। उसने माज के बाल पकड़कर गाली-गलौज की और पिज्जा बनाने के लिए कहा। पिज्जा खाने के बाद माज ने आरोपी से पैसे मांगे तो उसने मारपीट करते हुए खुद को इलाके का बदमाश बताया।
आरोपी ने धमकी दी कि फालतू बात करने पर इतनी गोलियां बरसेंगी कि इस्लामाबाद की मार्केट नहीं खुलेगी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को तलाश किया जा रहा है। संवाद