बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। योगी सरकार द्वारा गठित एंटी रोमियो स्क्वॉयड कागजों में सिमटकर रह गया है। बुधवार दोपहर सोफिया गर्ल्स स्कूल की एक छात्रा से प्राइवेट बस के कंडक्टर ने बीच शहर में गलत हरकत कर दी। उसको अगवा करने का प्रयास भी किया। बच्ची की चीख सुनकर वहां भीड़ जुट गई। पब्लिक ने आरोपी कंडक्टर की जमकर पीटकर पुलिस को सौंप दिया। शर्मनाक पहलू यह रहा कि लालकुर्ती और सदर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही और बिटिया के परिजन देर शाम तक दोनों थानों के चक्कर काटते रहे। रात को लालकुर्ती पुलिस ने केस दर्ज किया।
यह मामला शहर के बीचोबीच जीरो माइल चौराहे का है। दोपहर के करीब 2:30 बजे सोफिया गर्ल्स स्कूल कैंट की छुट्टी हुई। कक्षा दो की बताई गई यह बच्ची रिक्शा से जीरो माइल पर पहुंची। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित अपने घर जाने के लिए छात्रा प्राईवेट बस में बैठ गई। बस में यात्रियों को कंडक्टर चढ़ा रहा था। कंडक्टर ने इस दौरान छात्रा से छेड़छाड़ की। जिस पर छात्रा चिल्लाने लगी। लोगों ने छात्रा से पूछा तो उसने कंडक्टर की घिनौनी हरकत के बारे में बताया। जिस पर लोगों का गुस्सा फुट पड़ा और उन्होंने कंडक्टर की जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची लालकुर्ती पुलिस आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
थाने में भटकते रहे परिजन
इस वारदात के बाद पुलिस का रवैया बेहद शर्मनाक रहा। कार्रवाई कराने के लिए शाम छह बजे तक स्कूल ड्रेस में बच्ची को लेकर उनके परिजन लालकुर्ती और सदर बाजार थाने में भटकते रहे। पब्लिक आरोपी कंडक्टर को पीटकर लालकुर्ती पुलिस को सौंप चुकी थी। लेकिन लालकुर्ती और सदर पुलिस के सीमा विवाद में साढे़ तीन घंटे तक बच्ची के परिजन परेशान रहे और पुलिस का दिल नहीं पसीजा। परिजन लालकुर्ती थाने पहुंचते तो उन्हें घटनास्थल सदर बाजार का बताकर वहां भेज दिया जाता तो सदर थाने से भी लालकुर्ती थाने का मामला बताकर लौटा दिया जाता रहा। रात को यह मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो उसके बाद लालकुर्ती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
चौराहे पर हुई थी घटना
घटनास्थल सदर बाजार थाना क्षेत्र का था। चौराहे पर जिस सड़क पर यह वारदात हुई थी, उससे सदर बाजार पुलिस को अवगत करा दिया। पीड़ित परिवार को भी सदर थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी थी। -देवेश कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर लालकुर्ती
जांच बाद में हो सकती थी
आरोपी को पकड़कर पब्लिक ने लालकुर्ती पुलिस को सौंपा था। छात्रा और परिजन भी लालकुर्ती थाने गए थे। घटनास्थल कहां का है, इसकी जांच बाद में हो सकती थी। -सुभाष अत्री, इंस्पेक्टर सदर बाजार