शिव चौक से महादेव मंदिर वाले रास्ते पर जल भराव। (परीक्षितगढ)
परीक्षितगढ़। नगर के मोहल्ला शिव चौक मार्ग पर स्थित प्राचीन महादेव शिव मंदिर पर पिछले काफी समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सावन मास के महीने में महादेव मंदिर पर सैकड़ों शिवभक्त जलाभिषेक करते हैं, लेकिन रास्ते में जलभराव व कीचड़ के चलते शिव भक्तों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। नगर के लोगों ने महाशिव रात्रि से पहले रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की।
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी एक्शन मोड में हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को परेशानी न हो, इसके लिए जायजा लिया जा रहा है। शिव चौक स्थित ऐतिहासिक महादेव शिव मंदिर पर वर्षों से हरिद्वार से जल लाकर कांवड़िया चढ़ाते हैं। मंदिर के दूसरी ओर रास्ते पर सात दिवसीय बाबा जाहरवीर मेले का नगर पंचायत द्वारा आयोजन किया जाता है, लेकिन रास्ते में जलभराव व कीचड़ होने से शिव भक्तों को परेशानी होगी। नगर पंचायत शिकायत करने के बावजूद इस तरफ ध्यान नहीं दे रही है। शिव रात्रि से पहले रास्ते को कीचड़ मुक्त कराने की मांग की है।
अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मंदिर के आसपास व रास्तों की साफ सफाई करा दी गई है। कांवड़ चढ़ने से पहले ही कीचड़ वाले रास्ते पर मिट्टी डालकर सही करा दिया जाएगा।