त्योहारी सीजन में दूध, पनीर, खोया और मिठाइयों में मिलावट का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और खाद्य अधिकारियों की मिलीभगत के विरोध में शिवसेना यूबीटी ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
महानगर प्रमुख मोहित त्यागी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर मिलावटखोरों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि मेरठ में दूध, पनीर, खोया और मिठाइयों में मिलावट आम बात हो गई है। त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों और मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। इसका फायदा उठाकर मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार खाद्य एजेंसियों के कुछ अधिकारी भी ऐसे लोगों से मिलीभगत कर रहे हैं। इससे आम जनता को आर्थिक नुकसान के साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से खाद्य अधिकारियों की जांच कराने और मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में अवनीश आर्य, मुकेश शर्मा, कमल प्रजापति, सनी प्रधान, सोनिया उत्तम, शौकत सलमानी, यासीन खान रहे।