शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने मंदिर में जाकर जलाभिषेक किया। साथ ही व्रत रखकर भोले बाबा से प्रार्थना की। गंगानगर बी ब्लॉक स्थित श्री अर्द्धनारिश्वर शिव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक शुरू हुआ। उसके बाद मंदिर के मुख्य पुजारी भगवती प्रसाद भट्ट ने पूजा कराई। जिसमें 150 से अधिक कावंड़ियों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया। दोपहर तक मंदिर में लंबी कतार लगी रही। मंदिर कमेटी के लोगों ने दूध व फल का वितरण किया। अजय कुमार विदूड़ी, राजेश उप्पल, प्रमोद सिवाच, कपिल शर्मा, अन्नु मिश्रा और दीपू पंडित आदि मौजूद रहे। वहीं गंगानगर डिफेंस कॉलोनी के बराबर में नेहरूनगर स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पंडित कन्हैया झा ने पूजा कराई।
उधर मोदीपुरम के प्रसिद्ध देव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के पुजारी वेदप्रकाश ने बताया कि हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया है। पल्लवपुरम फेस वन स्थित हरमिलाप मंदिर, फेस दो स्थित संकट मोचन मंदिर, उदय पार्क कॉलोनी स्थित दुर्गा माता मंदिर, बाबा मोहनराम मंदिर में भी जलाभिषेक किया गया। बाबा मोहनराम मंदिर में महंत बाबा महेंद्र नाथ के द्वारा प्रसाद का वितरण किया गया।
वहीं भावनपुर क्षेत्र के अब्दुल्लापुर में हरिद्वार से जल लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने विशाल शोभायात्रा निकाली। यात्रा मोहल्ला गढ़ी, बाजार मोहल्ला आदि से होतेे हुए शिव मंदिर पहुंची। डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे। पार्षद पति किरण सिंह ने बताया कि शिव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।