बाईपास पर रास्ता बंद का बोर्ड लगा हुआ।
- फोटो : KITHOR
खरखौदा(मेरठ)। राष्ट्रीय राजमार्ग-235 पर निर्माण कंपनी ने साइन बोर्ड और प्रतीक चिह्न लगाने का कार्य पूर्ण कर दिया है। जबकि कई जंक्शनों पर निर्माण कार्य अभी अधूरा पड़ा हुआ है। इससे रात्रि में वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।
मेरठ से हापुड़ तक निर्माण कंपनी को अप्रैल 2020 तक पूरा करना है। इसमें निर्माण कंपनी मेरठ से हापुड़ तक लगभग निर्माण कार्य पूरा बता रही है। मेेरठ से हापुड़ के बीच में गांव कैली स्थित बाईपास पास पर अभी हाईटेंशन लाइन शिफ्ट होनी है। हापुड़ से पहले ही रेलवे लाइन पर बनने वाले पुल का मार्च में निर्माण करने का भी दावा किया जा रहा है। मेरठ से हापुड़ के बीच का 15.5 किलोमीटर कैली बाईपास तक ही कार्य पूरा हो पाया है। कैली बाईपास से हापुड़ के बीच का 11 किलोमीटर का रास्ता अभी बंद पड़ा हुआ है। निर्माण कंपनी ने मेरठ से कैली के बीच में पूरे राजमार्ग पर जगह-जगह साइन बोर्ड व प्रतीक चिह्न लगाने का कार्य पूर्ण कर दिया है। कैली बाईपास से पहले निर्माण कंपनी ने साइनबोर्ड पर बुलंदशहर जाने के लिए बाईपास पर रास्ता दिखा रखा है, लेकिन बाईपास पर थोड़ा आगे चलने पर ही रास्ता बंद को भी बोर्ड लगा दिया है। इस कारण वाहन चालक रात में साइन बोर्ड के अनुसार वाहन मोड़ लेता है, लेकिन आगे मार्ग बंद होने पर वहां रखे स्लैब से टकरा जाता है। रात में ये साइन बोर्ड वाहन चालकों को असमंजस में डाल रहे हैं। इस संबंध में एनएचएआई के परियोजना निदेशक डीके चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच कराकर कर उसे ठीक कराया जाएगा।