कचहरी में शुक्रवार को धमकी भरी चिट्ठी मिलने से दहशत फैल गई। चिट्ठी में 48 घंटे के अंदर शहर में कई जगह बम धमाकों की धमकी दी गई। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड टीम बुलाकर कचहरी और आसपास संघन चेकिंग की।
शुक्रवार को कचहरी परिसर में एक अधिवक्ता के चैंबर की दीवार पर एक पर्चा चस्पा मिला। जिसमें किसी ने खुद को आतंकी बताकर धमकी दी कि मेरठ शहर में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कचहरी समेत कई जगहों पर और मेरठ से इलाहाबाद जाने वाली ट्रेन में 48 घंटे में धमाके होंगे। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट और सिविल लाइन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर सिविल लाइन विजय कुमार ने तुरंत बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर कचहरी में चेकिंग अभियान शुरू कराया। पुलिस ने कचहरी के पास पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आवास व ऑफिसों के आसपास संघन चेकिंग कराई। वहीं वकीलों ने हंगामा कर कहा कि कचहरी में बदमाश तो कभी आतंकी की धमकी आने लगी है।
सुरक्षा के नहीं बंदोबस्त
पुलिस पर हमला कर कुख्यात इकराम को कस्टडी से छुड़ाकर बदमाश ले जाने का मामला अभी ठंडा हुआ नहीं कि शुक्रवार को धमकी भरी चिट्ठी आ गई। कचहरी परिसर में छह हजार अधिवक्ता और करीब 30 हजार लोग रोजाना आते है। इसके बावजूद पुलिस ने कचहरी में सुरक्षा के बंदोबस्त नहीं किए है। यहीं कारण है कि कोई कचहरी में आया चिट्ठी चस्पा कर चला गया।
सिपाही ने कहा, कचहरी में है बम
कचहरी और उसके आसपास इलाके में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड की टीम को अचानक चेकिंग करते देख लोगों में खलबली मच गई। लोग पुलिसकर्मियों से कारण पूछने लगे तो एक सिपाही ने कचहरी में बम होने की सूचना दे दी। इससे वहां अफरातफरी का माहौल हो गया।