बदमाशों के निशाने पर शास्त्री नगर, रोज कर रहे वारदात
मेरठ। शास्त्री नगर में आए दिन लूट, चोरी और छिनैती की वारदात से स्थानीय निवासी और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बदमाशों पर शिकंजा नहीं कसे जाने के कारण उनमें पुलिस के प्रति आक्रोश है। पीड़ित थानों के चक्कर लगा रहे हैं और पुलिस वारदात का खुलासा तक नहीं कर पा रही है। क्षेत्र में लोगों का घर से निकलना और व्यापारियों का व्यापार करना मुश्किल हो गया है।
शास्त्रीनगर स्थित एल ब्लॉक, के ब्लॉक और सेंट्रल मार्केट समेत कई जगह पर बदमाश वारदात कर रहे हैं। सेंट्रल मार्केट में मंगलवार को बदमाशों ने डीएन कॉलेज की शिक्षिका से पर्स लूट लिया। इससे पहले महिला बैंक मैनेजर से भी सेंट्रल मार्केट में लूट हुई थी। हालात ये हैं कि शास्त्री नगर में बीते हफ्तों में 20 से ज्यादा लूट की वारदात हो चुकी हैं और पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर पाई है। एल ब्लॉक में सराफ के घर में डकैती के मामले में भी आज तक कोई सुराग नहीं लगा। इसको लेकर भाजपा सांसद, विधायक और व्यापारी नेता तक पुलिस अधिकारियों से वारदात का खुलासा कराने की गुहार लगा चुके हैं। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
लोगों ने नौचंदी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। शिक्षिका से हुई लूट के मामले में पीड़ित परिवार ने फैंटम पर आरोप लगाए। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर नौचंदी थाना पुलिस शास्त्री नगर को क्यों सुरक्षित नहीं कर पा रही है। एडीजी और आईजी ने एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइन को शास्त्री नगर में गश्त कराने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे माहौल में कौन आएगा बाजार
शहर में आबूलेन, सदर बाजार के बाद लोग सेंट्रल मार्केट में खरीदारी के लिए जाते हैं। सेंट्रल मार्केट, के ब्लॉक व एल ब्लॉक में रोज हो रही वारदातों से बाजारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में कौन बाजार आएगा। उन्होंने बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
क्यों नहीं हो रहे खुलासे
शास्त्री नगर में बेखौफ बदमाश पुलिस के सामने ही घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। सीसीटीवी कैमरे से भी बदमाश बच कर निकल जाते हैं। इसको लेकर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। लगातार वारदात हो रही हैं और पुलिस किसी भी घटना को नहीं खोल पा रही है।
शिक्षिका से लूट मामले में संदिग्ध पकड़ा
मेरठ। शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में शिक्षिका से लूट के मामले में नौचंदी पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा है। वह हाल ही में जेल से छूट कर आया है। आरोपी से थाना पुलिस, एसओजी और एसपी सिटी पूछताछ कर रहे हैं। शास्त्री नगर में लगातार लूट व डकैती की वारदात होने से व्यापारियों के साथ अधिकारियों में भी नाराजगी है। एडीजी-आईजी लगातार पुलिस को शास्त्री नगर में गश्त बढ़ाने के निर्देश दे रहे हैं। ताकि बदमाशों को तुरंत दबोचा जा सके। शिक्षिका से लूट के खुलासे के लिए एसएसपी ने थाना पुलिस के साथ एसओजी की टीम भी लगा दी है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। ब्यूरो