मेरठ। सेंट्रल मार्केट में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती और शहर में बढ़ते अपराधों के विरोध में व्यापारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डकैती के खुलासे के लिए शास्त्रीनगर और सेंट्रल मार्केट के सभी आठ व्यापार संघों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान किया है। इस आंदोलन के समर्थन में अन्य व्यापारी संगठन भी उतर आए हैं। धरने में आठ व्यापार संघों के 450 व्यापारी होंगे शामिल
सेंट्रल मार्केट में सभी आठों व्यापार संघों की बैठक में बृहस्पतिवार को ज्वेलरी शॉप में डकैती की वारदात के खुलासे की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग ने कहा कि ज्वेलरी शॉप में डकैती के मामले में सबसे पहले माल बरामद होना चाहिए। एसओ को लाइन हाजिर कर खानापूर्ति की जा रही है। शास्त्रीनगर और सेंट्रल मार्केट शुक्रवार को बंद रखा जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को धरनास्थल पर बैठकर घटना के खुलासे की मांग की जाएगी। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत सहायक से इस मामले में बात हुई है। शारदा ने दावा किया कि अगर घटना का खुलासा नहीं करा पाए तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।