उत्तर प्रदेश के देवबंद में दो दिन से लापता चल रहे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार देवबंद के नागल थाना क्षेत्र के गांव नेनसोब से युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शनिवार सुबह युवक का क्षेत्र के बाहर जंगल में सड़ा गला शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह नागल थानाक्षेत्र में साखन निवासी सुशील शर्मा के गन्ने के खेत में कुछ मजदूर गन्ना बंधाई का कार्य कर रहे थे। वहां उन्होंने देखा कि खेत में किसी व्यक्ति का सड़ा गला शव पड़ा हुआ है। मजदूरों ने इसकी सूचना खेत के मालिक को दी।
यह भी पढ़ें:Meerut: पुलिस ने छापा मारकर नकली स्टेरॉयड व फूड सप्लीमेंट किए बरामद, तहखाने से मिली भारी नगदी
खेत मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई। पुलिस के अनुसार शव की पहचान मोनू (28) पुत्र तेल्लूराम निवासी नेनसोब के रूप में हुई है। मृतक दो दिन से लापता था। उसकी बाइक गंगनोली व काशीपुर के जंगल से बरामद हो गई।
पुलिस जांच पड़ताल में सामने आया कि मृतक मोनू पांच बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था। उधर, शव मिलने की सूचना पर एसपी देहात भी मौके पर पहुंचे। वहीं परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद सहायता सरकार से दिलाने की मांग की है।