- दिल्ली में चल रही 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में किया प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भारतीय शॉटगन शूटिंग के उभरते सितारे शपथ भारद्वाज ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने दिल्ली की डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में ट्रैप (व्यक्तिगत) स्पर्धा में रजत पदक जीता है।
क्वालिफिकेशन राउंड में शपथ ने 125 में से 119 का स्कोर करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। इस राउंड के शीर्ष छह निशानेबाजों ने फाइनल में प्रवेश किया। इसमें शपथ ने संयम का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीता। नेशनल चैंपियनशिप और इसके बाद होने वाले दो ट्रायल्स में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष तीन निशानेबाजों का चयन किया जाता है। ये खिलाड़ी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं।
शपथ भारद्वाज अब तक वर्ल्ड चैंपियनशिप सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2021 में वह जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन भी रह चुके हैं। खेल के साथ-साथ शपथ शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रगति कर रहे हैं। वर्तमान में ग्रीस स्थित इंटरनेशनल ओलंपिक अकादमी से ओलंपिक स्टडीज एवं स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री प्राप्त कर रहे हैं। शपथ की इस उपलब्धि पर उनके कोच योगेंद्र पाल सिंह, इटली से आए विदेशी कोच आंद्रेआ मिओत्तो, पूर्व विश्व चैंपियन रंजन सोढ़ी, मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल (से.नि.) दीप अहलावत व सांसद राजकुमार सांगवान ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।