फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल से किशोरी बरामद, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी किशोर, बहला-फुसलाकर ले गया था अपने साथ

Tue, 28 May 2019 08:13 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
होटल मालिक सहित दो गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

शामली में कस्बा कांधला से दो दिन पहले बहला-फुसलाकर ले जाई गई किशोरी को पुलिस ने शामली के एक होटल से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी किशोर के साथ होटल के मालिक और केयर टेकर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन मोबाइल, होटल का विजिटर रजिस्टर, एक आधार कार्ड, चार पत्र, बाइक और 60,430 रुपये बरामद किए है।

विज्ञापन


मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी अजय कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि कस्बा कांधला के एक मोहल्ले से 14 वर्षीय किशोरी को क्षेत्र का ही 17 वर्षीय किशोर बहला-फुसलाकर ले गया था। इस मामले में आरोपी किशोर सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामला दो समुदाय का होने के कारण किशोरी को जल्द बरामद करना पुलिस के लिए चुनौती बना था। इस मामले में कांधला पुलिस के साथ ही सर्विलांस टीम को लगाया गया था। 

एसपी ने बताया कि सोमवार की रात पुलिस की दोनों टीमों ने शामली में अजंता चौक के निकट राज होटल से किशोरी को बरामद कर आरोपी किशोर को भी दबोच लिया। पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड को खंगाला तो होटल मालिक और कर्मचारी की मिलीभगत सामने आई। एसपी के मुताबिक होटल के मालिक अय्यूब और केयर टेकर मिंटू निवासीगण कैराना को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि बरामद किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है जबकि आरोपी किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

होटल के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
एसपी अजय कुमार ने बताया कि होटल के रिकॉर्ड की छानबीन की गई तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। होटल के विजिटर रजिस्टर में किशोर की उम्र 19 वर्ष अंकित की गई है जबकि उसकी जो आईडी जमा हुई, उसके अनुसार उसकी उम्र 17 साल है। किशोरी की किसी आईडी का उल्लेख रजिस्टर में नहीं पाया गया। इसके अलावा रजिस्टर में दोनों को चेक आउट दिखाकर उन्हें अलग कमरे में रखा गया था। इन तथ्यों से साफ है कि होटल मालिक और कर्मचारी यह जानते हुए कि दोनों नाबालिग है और एक पर आईडी भी नहीं है, फिर भी इन दोनों को अवैध लाभ अर्जित करने के लिए अपराध में सहयोग किया। एसपी ने बताया कि होटल सील कराने की कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

दुष्कर्म की धारा बढ़ाई, पॉक्सो एक्ट लगाया
कांधला थाना प्रभारी डीके त्यागी ने बताया कि परिजनों की तरफ से किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में आरोपी किशोर समेत चार लोग नामजद हुए थे। किशोरी के बयान के आधार पर इस मामले में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई है और पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। अभी तक की जांच में अन्य तीन नामजद आरोपियों की संलिप्तता नहीं मिली है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें