उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट ने पानीपत खटीमा हाईवे पर धरना प्रदर्शन किया। गुट के अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में दोपहर को सैकड़ों किसान हाईवे पर पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर हाईवे जाम कर दिया। जानकारी लगने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसान नेताओं से बात कर धरनारत किसानों को वहां से हटाया, जिसके बाद किसान कलक्ट्रेट पहुंच गए और धरना प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर भाकियू तोमर गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में सैकड़ों किसान पानीपत-खटीमा हाईवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।
तकरीबन बीस मिनट तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ सिटी प्रदीप कुमार व कैराना सीओ ने पहुंचकर किसान नेताओं से बातचीत की।
इसके बाद किसान नेता संजीव तोमर सहित सभी किसान कलक्ट्रेट पहुंच गए और धरना प्रदर्शन किया। यहां किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी जसजीत कौर को सौंपा।
ज्ञापन में डीजल व पेट्रोल के दाम, रसोई गैस के बढ़े दामों को कम करने, बकाया गन्ना भुगतान जल्द दिलाए जाने और नए सत्र में गन्ने का भाव साढ़े 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किए जाने की मांग की गई।
इस मौके पर भाकियू तोमर के मंडल अध्यक्ष पदम सिंह और जिला अध्यक्ष राजेंद्र पवार के नेतृत्व में सैकड़ों किसान मौजूद रहे। वहीं भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के धरना-प्रदर्शन को देखते हुए शामली कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। दमकल विभाग की गाड़ी भी मौजूद रही।