मेरठ। पंजाब में फिरोजपुर रेलवे मंडल में लुधियाना के पास लाढ़ोवाल स्टेशन पर काम के चलते शालीमार एक्सप्रेस बृहस्पतिवार से 9 दिन रद्द रहेगी। दस जनवरी तक इस ट्रेन के नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी होगी।
रेलवे ट्रैक पर काम होने से मेगा ब्लॉक के कारण अंबाला-लुधियाना रेल मार्ग पर चलने वाली 52 ट्रेनें रद्द रहेंगी। पांच ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जाएगा, जबकि 35 ट्रेनों को विभिन्न स्थानों पर रोक कर चलाया जाएगा। रद्द होने वाली ट्रेनों में बाड़मेर से जम्मूतवी के बीच चलने वाली शालीमार एक्सप्रेस भी शामिल है। ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी- बाडमेर शालीमार एक्सप्रेस आज से 7 जनवरी तक रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन संख्या 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस 5 जनवरी से लेकर 10 जनवरी तक रद्द रहेगी। शालीमार एक्सप्रेस के रद्द होने से मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, देवबंद की यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
शताब्दी और योगा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से चलेगी
लक्सर और डौसनी स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर काम के कारण दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस और अहमदाबाद-योगनगरी ऋषिकेश के बीच चलने वाली योगा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से चलेगी। इस कारण सभी स्टेशनों पर ये दोनों ट्रेन डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 12017 दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस चार जनवरी, छह, आठ, 11, 13, 15, 18 और 20 जनवरी को दिल्ली से 1:30 घंटे देर से चलेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 19031 योगा एक्सप्रेस तीन, पांच, सात, दस, 12, 14, 17 और 19 जनवरी को अहमदाबाद से 1:30 घंटे देर से चलेगी।
पैसेंजर ट्रेनों के नंबर बदले, पुराने नंबरों से चलेगी
रेलवे ने नई साल पर यात्रियों को स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों को पुराने पैसेंजर नंबर पर चला कर सौगात दी है। पुराने नंबरों पर पैसेंजर ट्रेनों के चलने से यात्रियों को किराये में भी राहत मिली है। स्पेशल ट्रेनों में भी तक यात्रियों को 30 रुपये का टिकट मिलता था, अब 10 रुपये का भी टिकट मिलेगा। साथ ही रेलवे ने कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव भी किया है। खुर्जा-मेरठ पैसेंजर ट्रेनों का नंबर 54401, 54402, 54405, 54406 हो गया है। रेवाड़ी-मेरठ कैंट ट्रेन 54411 नंबर से चलेगी। गाजियाबाद-मेरठ सिटी पैसेंजर ट्रेन 64555 और 64556 नंबर से चलेगी।
ट्रेन संख्या स्थान- मेरठ आने का समय
54474 सहारनपुर- दिल्ली - सुबह 5:52 बजे
64558 सहारनपुर- दिल्ली- सुबह 6:20 बजे
64560 सहारनपुर- दिल्ली सुबह 7:28 बजे
64559 दिल्ली- सहारनपुर- दोपहर 3:40 बजे
64557 दिल्ली- सहारनपुर- शाम 6: 05 बजे
54473 दिल्ली- सहारनपुर- रात 8:50 बजे
नौचंदी सहारनपुर से शाम 5:15 बजे चलेगी
रेलवे ने नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14242 का सहारनपुर से चलने का समय भी बदला है। नौचंदी पहले सहारनपुर से शाम 5:45 बजे चलती थी, अब यह ट्रेन सहारनपुर से आधे घंटे पहले शाम 5:15 बजे चलेगी। मेरठ से ट्रेन का चलने का समय अभी रात 7:50 बजे ही रहेगा।