मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हाशिमपुरा पुलिस चौकी के पास बुधवार को गैंगस्टर सलीम उर्फ दीवाना उर्फ मोगली की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। अभी तक पुलिस ठोस सुराग नहीं मिला है। शुक्रवार को पुलिस ने शानू निवासी रुहासा दौराला को पकड़ा है। इससे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा भी कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते सलीम की हत्या की गई है। शानू से पूछताछ की जा रही है। सलीम उर्फ दीवाना उर्फ मोगली प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। बुधवार को एक जमीन का बैनामा कराना था। बैनामा से पहले लिखापढ़ी के लिए सलीम बुधवार को कचहरी गया था। लौटते समय सलीम सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वा शेखलाल मस्जिद से आगे हाशिमपुरा पुलिस चौकी के पास पहुंचा, तो बाइक सवार बदमाशों ने सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। भाई उस्मान ने सिविल लाइन थाने में नदिया, आरिफ उर्फ गुड्डू, अहसान और मेहराज कलिया निवासी लिसाड़ी गेट व लोहियानगर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।