अमेरिका के फ्लोरिडा में फंसे वेस्ट यूपी के कई परिवार
अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को आने वाले तूफान इरमा से प्रभावित होने वालों में बड़ी संख्या में भारतीय भी हैं। इनमें बिजनौर के भी कुछ लोग हैं। कुछ लोग इलाका खाली कर जा चुके हैं तो कुछ फ्लोरिडा में ही रुके हुए हैं। इनके परिवार भी चिंतित हैं और लगातार फोन कर वहां के हालात की जानकारी ले रहे हैं।
फ्लोरिड राज्य के मियामी, फलोरिडा और टैंपा आदि में ये तूफान आज रात से कल के बीच प्रभावी होगा। इन शहरों को पूरी तरह खाली कराने के आदेश दिए गए हैं। जनपद के झालू की सपना वहां के एक कालेज में प्रवक्ता हैं और फ्लोरिडा में रहती हैं। उन्होंने बताया कि तूफान का रुख पश्चिम की ओर हो गया है। उनके यहां कम प्रभाव होगा, लेकिन रात को तेज हवाएं आ सकती हैं। वह अपने मकान को बंद कर भीतर ही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक की सूचना के हिसाब से मियामी, टैंपा तथा समुद्र के आसपास की आबादी ज्यादा प्रभावित होगी। रात में मियामी में तूफान सक्रिय हो जाएगा। टैंपा में कल दिन में तूफान पहुंचेगा।
सपना ने बताया कि टैंपा और समुद्र के किनारे के शहरों में इस तरह के चक्रवाती तूफान के कारण कई दिन तक समुद्र का पानी भरा रहता है। गंदगी और कीचड़ भी रहती है। इसकी सफाई में कई कई दिन लग जाते हैं। बिजनौर निवासी टैंपा में रहने वाले इंजीनियर अंशुल कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में हजारों भारतीय रहते हैं। अधिकांश घर खालीकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। वे भी मित्रों के साथ छह घंटे की ड्राइव कर अटलांटा आ गए हैं। अंशुल कुमार ने बताया कि उनकी कंपनी के ही टैंपा में 300 इंजीनियर और कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि कल तूफान सक्रिय होगा। उसके बाद ही पता चलेगा कि क्या हालत है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/