पीड़ितों ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मवाना व दौराला थाना क्षेत्र के नरेश व ईश्वर ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पर तीन आरोपियों पर डिजिटल करेंसी में निवेश के नाम पर सात लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। पीड़ितों के अनुसार तीनों आरोपी अपने परिवार के साथ कई दिन से गायब है। पीड़ितों ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सैदपुर और बंशीपुरा निवासी नरेश व ईश्वर ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों ने डिजिटल करेंसी में निवेश के नाम पर एक कंपनी बनाई थी। पीड़ितों व उनके एक साथी ने कंपनी में सात लाख रुपये निवेश किए थे। आरोपियों ने पीड़ितों को कंपनी में निवेश के नाम पर मुनाफे का लालच दिया।
उन्होंने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कुछ दिनों में अच्छे मुनाफे के साथ पैसे वापस करने की बात कही, पीड़ितों को आरोपियों की बात पर शक हुआ था। पैसे देने के नाम पर आरोपी पीड़ितों को टरकाते रहे। नरेश, ईश्वर व अन्य को खुद के साथ ठगी का एहसास हुआ। वह आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। पीड़ितों ने आसपास में जानकारी की तो पता चला कि तीनों आरोपी काफी दिन से परिवार के साथ गायब है। आरोपियों के नंबर भी बंद आ रहे है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायत पत्र के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।